कबीरधाम। जिले में बेहतर पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘COP OF THE MONTH’ पहल के तहत अक्टूबर 2026 माह के लिए पांच अधिकारी-कर्मचारियों का चयन किया गया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (आईपीएस) द्वारा शुरू की गई इस पहल में अपराध निराकरण, गिरफ्तारी, संपत्ति बरामदगी, साइबर अपराधों के खुलासे और संकट की घड़ी में जान बचाने जैसे उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर चयन किया गया।
चयनित अधिकारी-कर्मचारी हैं – थाना कवर्धा के निरीक्षक लालजी सिन्हा, साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना कवर्धा पैंथर-2 के आरक्षक क्रमांक 20 राजेन्द्र सिन्हा, साइबर थाना के आरक्षक क्रमांक 650 पूरन डाहिरे तथा आरक्षक क्रमांक 374 अमित ठाकुर।
निरीक्षक लालजी सिन्हा का उत्कृष्ट प्रदर्शन
थाना सिटी कोतवाली कवर्धा के निरीक्षक लालजी सिन्हा ने थाना प्रभारी के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने 197 अभियोग पत्र तैयार किए, 30 गुम इंसानों की दस्तयाबी की तथा 490 लोकल और 82 सदरी शिकायतों का निराकरण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 35 आदतन बदमाशों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) और 129 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिनमें से 19 को जेल भेजा गया।
साइबर अपराधों में निरीक्षक उमाशंकर राठौर की भूमिका
साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर ने साइबर अपराधों की विवेचना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपराध क्रमांक 02/2026, 04/2026, 05/2026, 13/2026, 16/2026 और 18/2026 (धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट) में अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें अन्य राज्यों से गिरफ्तार करवाया। चोरी और झपटमारी के मामलों में भी संपत्ति बरामद कराने में मदद की। एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों (अपराध क्रमांक 30/2026 और 21/2026) में गुणवत्तापूर्ण विवेचना के बाद विशेष न्यायालय ने आरोपियों को दोषसिद्ध कर सजा सुनाई।
आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा ने बचाई जान
थाना कवर्धा पैंथर-2 के आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा ने 20 अक्टूबर 2026 को फांसी लगाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और व्यक्ति की जान बचाई। उनकी तत्परता और सूझबूझ की सराहना की गई।
आरक्षक पूरन डाहिरे का सीसीटीवी विश्लेषण
साइबर थाना के आरक्षक पूरन डाहिरे ने सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण कर कई चोरी के मामलों में अज्ञात आरोपियों की पहचान की। थाना कवर्धा के अपराध क्रमांक 456/2026 में आरोपियों को भुसावल (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करवाया। चौकी पोडी और थाना सहसपुर लोहारा के प्रकरणों में भी गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरक्षक अमित ठाकुर का योगदान
आरक्षक अमित ठाकुर ने डकैती और चोरी के मामलों में अज्ञात आरोपियों की पहचान तथा संपत्ति बरामदगी में सक्रिय भूमिका निभाई। थाना तरेगांव जंगल और थाना पंडरिया के प्रकरणों सहित कई मामलों में उनका योगदान सराहनीय रहा।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि ‘COP OF THE MONTH’ पहल का उद्देश्य सक्रियता, जिम्मेदारी और बेहतर परिणाम देने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि अपराध नियंत्रण, त्वरित निराकरण और नागरिक सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।



