कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। थाना तरेगाँव जंगल क्षेत्र में हुई बड़ी डकैती की घटना में कबीरधाम पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने बिलासपुर से लेकर जमशेदपुर (झारखंड) तक पहुंचकर कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें लूटे गए चांदी के जेवर खरीदने और बेचने वाले दो आरोपी भी शामिल हैं। अब तक लगभग 13 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं गली हुई चांदी, नकदी रकम तथा दो मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
घटना 27 अक्टूबर 2026 को हुई थी। थाना तरेगाँव जंगल क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास आरोपियों ने सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी का रास्ता रोककर डंडे और हाथ-मुक्के से मारपीट की। उनके बैग से पुराने व नए चांदी के आभूषण, करीब 15 ग्राम सोना और नकदी लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तरेगाँव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बाद में सुनियोजित डकैती साबित होने पर धारा 310(2) और 310(4) बीएनएस जोड़ी गई।
पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के इलाकों में सघन तलाशी की। 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पहला चरण: 31 अक्टूबर 2026 को निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद हुए।
दूसरा चरण: फरार आरोपी अरुण उर्फ अन्नू बंजारे और प्रेम उर्फ प्रीतम उर्फ ब्रो उर्फ बोरो घृतलहरे को बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि लूटे गए जेवरों का एक हिस्सा बेचकर 1,02,000 रुपये मिले थे। अरुण के पास से 34,000 रुपये और प्रेम के पास से 50,000 रुपये (कुल 84,000 रुपये) बरामद किए गए। शेष रकम खर्च हो चुकी बताई गई।
तीसरा चरण: आरोपी प्रेम की जानकारी पर पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची। वहां सुमंतो घोड़ाई उर्फ कोबो और सुरेश नाना माने को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सुमंतो ने स्वीकार किया कि 29 अक्टूबर को प्रेम एक अन्य व्यक्ति के साथ चांदी के करधन और पायल बेचने आए थे। सुरेश नाना माने के पास जेवर गलाकर लगभग 1.124 किलोग्राम चांदी तैयार की गई, जिसे 1,14,000 रुपये में बेचा गया। इसमें से 1,02,000 रुपये प्रेम को दिए गए। सुरेश नाना माने की निशानदेही पर लाल थैले में रखी यह गली हुई चांदी गवाहों के सामने जब्त कर सीलबंद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। इन्हें 4 नवंबर को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाया गया और 5 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा जिले में गंभीर और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने तथा हर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई हुई। पूरे अभियान में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/साइबर प्रशांत देवांगन, थाना तरेगाँव जंगल प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, बोडला थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा, पंडरिया थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा, पांडातरई थाना प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, थाना कुकदुर प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा सहित अन्य थाना टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह सफलता कबीरधाम पुलिस के समन्वित प्रयासों और प्रभावी पुलिसिंग का परिणाम है।



