कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। थाना झलमला पुलिस ने शनिवार को मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से धान ला रहे दो व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा है। इस कार्रवाई में लगभग 38 क्विंटल धान और माजदा वाहन सहित कुल 6.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना झलमला पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में मुखबिर से मिली सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम अंजना के मुख्य मार्ग पर माजदा टर्बो वाहन क्रमांक सीजी-08-एजे-9104 को रोका।
गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर वाहन में 95 प्लास्टिक बोरियों में भरा करीब 38 क्विंटल धान मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 1,17,800 रुपये है। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम उमेन्द्र ठाकरे (उम्र 36 वर्ष) और अंकित मेश्राम (उम्र 27 वर्ष), निवासी मंडई (नेऊरगांव), थाना बिरसा, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) बताया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के मंडई से धान लाकर छत्तीसगढ़ में ऊंची कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाना चाहते थे। धान के परिवहन और बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज उनके पास नहीं थे।
पुलिस ने मौके से 95 बोरियों में भरा लगभग 38 क्विंटल धान (अनुमानित मूल्य 1,17,800 रुपये) और माजदा टर्बो वाहन (अनुमानित मूल्य 5,00,000 रुपये) जब्त कर लिया। इस तरह कुल 6,17,800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत इस्तगाशा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी (राजस्व), बोडला न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे और आरक्षक द्रोणाचार्य साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि धान के अवैध परिवहन या अन्य अनियमित गतिविधियों की कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



