कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। थाना पिपरिया पुलिस ने बुधवार को सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के क्रम में थाना पिपरिया पुलिस ने 11 नवंबर 2026 को ग्राम सेमो स्थित बिजली ऑफिस के पास छापा मारा। मौके पर आरोपी सार्वजनिक स्थान पर बैठकर ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1900 रुपये नगद रकम और एक 52 पत्ती का ताश का पैकेट जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बसंत कुमार दिवाकर (निवासी मानपुर), राधेश्याम साहू (निवासी बरदुली) और प्रहलाद साहू (निवासी सेमो, थाना पिपरिया) शामिल हैं। मामले में थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 383/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ खेलने में कम समय में ज्यादा पैसे कमाने का लालच भले ही आकर्षक लगे, लेकिन इसके दुष्परिणाम आर्थिक नुकसान, कर्ज, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और सामाजिक प्रतिष्ठा की हानि के रूप में सामने आते हैं। जुए की लत मेहनत की कमाई तो नष्ट करती ही है, परिवार के भविष्य को भी प्रभावित करती है। इसलिए लोग जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें और आसपास ऐसी कोई अवैध गतिविधि चल रही हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



