झलमला (कबीरधाम), 13 नवंबर 2026
कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है। थाना झलमला पुलिस ने ग्राम सोनवाही निवासी लल्लू मरकाम (26) के खिलाफ मारपीट और विवाद के मामले में कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटना के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को लल्लू मरकाम शराब के नशे में फगनू धुर्वे के घर में जबरन घुस गया। उसने धुर्वे के साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा उन्हें घर के बाहर नाले में गिरा दिया। इस पर थाना झलमला में अपराध क्रमांक 18/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 332(ग) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
12 नवंबर को आरोपी दोबारा प्रार्थी के घर के सामने पहुंचा और थाने में रिपोर्ट करने की बात पर गाली-गलौज तथा विवाद करने लगा। पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बावजूद वह मारपीट पर आमादा रहा। शांति भंग और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। धारा 126 और 135(3) के अंतर्गत इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व में थाना झलमला पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
वारंटियों की गिरफ्तारी भी जारी
कबीरधाम पुलिस लंबे समय से लंबित गिरफ्तारी और स्थाई वारंटों पर भी प्रभावी कार्रवाई कर रही है। चौकी पोड़ी क्षेत्र में गिरफ्तारी वारंटी राजेश अनंत (निवासी पोड़ी, जिला कबीरधाम) को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इसी तरह थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने स्थाई वारंटी श्यामचरण (निवासी जिला के.सी.जी.) को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा न्यायालयीन प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।




